Bihar News: 2.26 करोड़ रुपये से बदलेगी बड़े रमना मैदान की सूरत, नौ माह में होगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण

Share News

नौ माह में पूरा होगा काम, आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ वॉकिंग ट्रैक भी विकसित होगा

IMG-20260810-WA0031
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

शहर के ऐतिहासिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल बड़े रमना मैदान की तस्वीर बदलने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम ने रमना मैदान के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए करीब 2.26 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है। योजना के धरातल पर उतरने के बाद मैदान को बेहतर नागरिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के साथ विकसित किए जाने की उम्मीद है।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम की ओर से जारी निविदा के अनुसार रमना मैदान के जीर्णोद्धार और खेल सुविधाओं के विस्तार कार्य की प्राक्कलित राशि 2,26,56,892 रुपये निर्धारित की गई है। कार्य पूरा करने की समय-सीमा नौ माह तय की गई है।

निविदा प्रक्रिया के तहत संवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। निविदा दस्तावेज डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित की गई है। वहीं, 17 अगस्त को दोपहर एक बजे प्री-बिड बैठक आयोजित होगी। ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त शाम तीन बजे तक है। तकनीकी बिड 25 अगस्त को सुबह 11 बजे खोली जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम की इस पहल से शहर के बीचों-बीच स्थित बड़े रमना मैदान के आधुनिक खेल सुविधाओं के व्यवस्थित और ढांचागत विकास की दिशा में वर्षों से चली आ रही खिलाड़ियों और शहरवासियों की मांग को पूरा करने का रास्ता साफ हुआ है।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक बड़े रमना मैदान के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के साथ विभिन्न खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा यहां वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित होने से शहरवासियों को सुबह और शाम टहलने के लिए बेहतर एवं खुले वातावरण वाला सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

महापौर ने कहा कि रमना मैदान के विकास से न केवल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि शहरवासियों को भी एक व्यवस्थित, स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक स्थल का लाभ मिलेगा।

Trending News