संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रोटरी क्लब सेंट्रल, बेतिया ने सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए निक्षय मित्र के रूप में 44 टीबी मरीजों को पोषण सहायता के लिए फूड बास्केट वितरित किए।

रोटरी क्लब सेंट्रल, बेतिया की अध्यक्ष डॉ. शीला रंजन एवं सचिव डॉ. अपूर्वा सिन्हा की मौजूदगी में 44 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में नियमित दवा के साथ-साथ संतुलित और पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं से निक्षय मित्र बनकर टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में एसीएमओ-सह-मुख्य जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमेश चंद्र ने रोटरी क्लब सेंट्रल, बेतिया के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान को मजबूती मिलती है।
उन्होंने बताया कि निक्षय मित्र पहल के माध्यम से टीबी मरीजों को पोषण सहायता और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। पौष्टिक आहार उपलब्ध होने से मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार और उपचार को सफल बनाने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर जिला यक्ष्मा केंद्र, बेतिया के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग किया।