Agra News : बरांटी में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, CCTV और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य

IMG-20261009-WA0047
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
बरांटी, वैशाली (बिहार)

बरांटी थाना परिसर में दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बरांटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने की। इसमें क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के व्यवस्थापकों ने भाग लिया। बैठक में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में थानाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सभी दुर्गा पूजा पंडालों के व्यवस्थापक निर्धारित आवेदन के साथ 10 वॉलंटियर के नाम एवं उनके आधार कार्ड की प्रति जमा करेंगे। पूजा पंडाल का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां पूर्व में किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ हो। सभी वॉलंटियर को शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य
सुरक्षा के मद्देनजर सभी दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक पंडाल में प्रवेश और निकास द्वार की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। किसी भी संदिग्ध या लावारिस वस्तु के मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना देने को कहा गया।

IMG 20261009 WA0047

थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति सांप्रदायिक या भड़काऊ बातें नहीं करेगा। लाउडस्पीकर पर अश्लील गाने बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

आग से बचाव के लिए विशेष इंतजाम के निर्देश
पूजा पंडालों में आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र और फायर सिलेंडर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा गया। इसके अलावा बालू से भरी बाल्टियां रखने तथा आसपास के ड्रमों में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके।
21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन करने का निर्देश

बैठक में सभी दुर्गा पूजा पंडालों के व्यवस्थापकों को पूजा समाप्त होने के बाद 21 अक्टूबर, बुधवार को हर हाल में प्रतिमा विसर्जन करने का निर्देश दिया गया। प्रतिमाओं का विसर्जन नजदीकी पोखर या नदी में निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन करते हुए करने को कहा गया।

बैठक में वर्तमान मुखिया पंकज शर्मा, वर्तमान सरपंच मिलन राय, पूर्व मुखिया सुरेश राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पूजा पंडालों के व्यवस्थापक मौजूद रहे। सभी से दुर्गा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

Trending News