Agra News :आगरा में गरजे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, भाजपा सरकार पर साधा निशाना; 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
आगरा, 4 अगस्त 2026। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के आगरा आगमन पर महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में जीवनी मंडी स्थित पेट्रोल पंप पर भव्य स्वागत समारोह एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति रही।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, बढ़ती बेरोजगारी, छात्रों के उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, कथित चंदा वसूली और आर्थिक अव्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों से दूर होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति में विश्वास रखती है। उनका कहना था कि प्रदेश का युवा रोजगार, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य, व्यापारी सुरक्षित व्यापार और आम नागरिक बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा की अपेक्षा कर रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है।
श्यामलाल पाल ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय देगी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में विकास, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की नई दिशा स्थापित होगी।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम का समापन प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत तथा कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण नारों के साथ हुआ।
इस अवसर पर महासचिव पुष्पेंद्र शर्मा, जिया चौधरी, अमित यादव, नरेंद्र सिंह, नंद चौधरी, फरहान, रोहित, नासिर, पंडित आशु, अफरीदी, जमीन खान, जमीन सिद्दीकी, हर्षवर्धन धाकड़, समीर अब्बास, रूबी यादव, विशाल ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।