Agra News :आगरा: लच्छीपुरा कर्बला में गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक हुए ताजिये, अखाड़ों ने दिखाए जौहर

IMG-20260627-WA0005
Share News

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र के लच्छीपुरा कर्बला में मोहर्रम की दसवीं तारीख पर गमगीन माहौल के बीच ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। यह सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा, जिसमें दूर-दराज से आए अखाड़ों और पटा बाजी के उस्तादों ने अपने जौहर दिखाए।

मोहर्रम के अवसर पर अखाड़ों के खलीफाओं को साफा बांधकर व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं गौबर चौकी और कच्ची सराय क्षेत्र में सुबह से ही झूले, खिलौने और खानपान की दुकानों से मेले जैसा माहौल देखने को मिला।

IMG 20260627 WA0005

कार्यक्रम के दौरान थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह और नीतिबाग इंचार्ज राजकुमार व्यास पुलिस बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

कच्ची सराय में बसपा नेता मोहम्मद रिजबान, गुड्डू मेव और सपा नेता जमील खान सहित अन्य लोगों द्वारा स्टेज बनाकर प्रतिभागियों का सम्मान किया गया। वहीं शहीद नगर, पक्की सराय, भगत सिंह मूर्ति, भूखंड, बाग करीम नगर और ज्योति नगर सहित विभिन्न स्थानों पर शर्बत, बिरयानी और अन्य खाद्य पदार्थों की सबील लगाकर लंगर वितरित किया गया।

शहीद नगर में मोहम्मद आदिल, हसमत इलाही, मोहम्मद रिजवान, मुजाहिद और मोहम्मद अविद ने ताजियादारों को लंगर वितरित किया। आयोजकों ने बताया कि मोहर्रम का महीना गम और संजीदगी का प्रतीक है, जिसे हिन्दू-मुस्लिम एकता और भाईचारे के साथ मनाया जाता है।

IMG 20260627 WA0008

उन्होंने कहा कि मोहर्रम इस्लामी नए साल की शुरुआत भी है और इसी महीने की 10 तारीख को हजरत इमाम हुसैन ने अपने 72 साथियों के साथ कर्बला में शहादत दी थी। उनका संदेश आज भी दुनिया को सच्चाई, इंसाफ और हक के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

मौके पर गुड्डू मेव, अलीशेर अब्बास, वाहिद अब्बास, शहीद मेव, मेराजुद्दीन (पत्रकार) सहित कई लोगों ने व्यवस्थाएं संभाली और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Trending News