संवाददाता–राजेन्द्र कुमार
वैशाली/हाजीपुर।
आज दिनांक 26/09/2023 को जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) एवं विशेष जिला स्तरीय समीक्षा समिति ( Special DLRC) की जून, 2023 तिमाही की बैठक, जिलाधिकारी श्री यशपाल मीणा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में कार्यरत सभी सरकारी एवं निजी बैंकों के जून तिमाही की लक्ष्य और प्राप्ति की समीक्षा की गई जिसमे जिलाधिकारी के द्वारा जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधियों से जिले में विकास की गति की गति में तेजी लाने के लिए सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं खासकर सामाजिक सुरक्षा के अन्तर्गत चलाए जा रहें योजना जैसे- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आदि को लेकर और तीव्रता से कार्य करने एवम लोगों को जोड़ने का निर्देश दिया गया I
PMEGP/PMFME/PM Swanidhi स्कीम एवं उसकी स्थिति की समीक्षा बैंक वार करते हुए उन्होंने उपस्थित सभी बैंक के प्रतिनिधियों से कहा कि जितना जल्द हो सके ऋण आवेदकों के ऋण आवेदन को स्वीकृति प्रदान कर राशि भुगतान की व्यवस्था करें ताकि लाभुक वर्ग अपना व्यवसाय प्रारंभ कर सके।
जिलाधिकारी के द्वारा वैसे बैंक जिनके साख जमा अनुपात 40 से कम है उन्हें हर हाल में इसे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा में पाया गया कि जिला में कुल 58701 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं जिसमें 7229 नए कार्ड बनाए गए हैं। जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला में किसानों की लगभग 2 लाख संख्या है। इस पर जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि जिला में कुल किसानों की संख्या का लगभग 40% कार्ड बैंकों को निश्चित तौर पर जारी करना चाहिए। इसके लिए बैंकों को और कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया।

सुकन्या समृद्धि योजना को जिलाधिकारी ने बेटियों की भविष्य के लिए बेहतर योजना बताई और इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया एवं इससे संबंधित खाता खुलवाने में बैंक को आगे आने की जिम्मेदारी सौंपी।बताया गया कि जिला में 1 सुकन्या समृद्धि योजना के 16457 खाता खोले गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कहीं न कहीं,किसी न किसी विभाग का कैंप लगा रहता है उस कैंप में बैंक भी अपना स्टॉल लगाये जहां सुकन्या समृद्धि योजना का प्रचार प्रसार हो सके और लोगों को इसकी जानकारी प्राप्त हो सके। अटल पेंशन योजना की समीक्षा में पाया गया कि जिला में 1 लाख 51 हजार लोगों का खाता खुला हुआ है। अग्रणी बैंक प्रबंधक के द्वारा बताया गया कि इस योजना का लाभ 18 से 40 साल के लोग ले सकते हैं जिन्हें मासिक तौर पर एक निश्चित राशि अंशदान करनी होती है और जब उनकी आयु 60 वर्ष से अधिक हो जाती है तो एक तय राशि उन्हें पेंशन के तौर पर मिलता है।
जन धन योजना की समीक्षा में पाया गया कि जिला में 1875975 लोगों का खाता खुला हुआ है। इस पर जिलाधिकारी के द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। पीएम मुद्रा के अंतर्गत बताया गया कि जिला में 122532 अकाउंट हैं इसके तहत 1410 करोड़ की राशि का वितरण किया गया है। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देश दिया कि योजना अंतर्गत जो आवेदन प्राप्त हो रहे हैं उसमें कम से कम रिजेक्शन होना चाहिए और जो भी रिजेक्शन हो उसका यथोचित कारण स्पष्ट कर देना होगा। जीविका से संबंधित बैंक लिंकेज की समीक्षा की गई। अग्रणी बैंक प्रबंधक के द्वारा बताया गया कि इसके लिए 100 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त है जिसमें अभी तक 60 करोड़ का भुगतान किया गया है और इसके लिए मेगा ड्राइव चलाया जा रहा है।

मीटिंग का संयोजक श्री कुमार समरेंद्र अग्रणी जिला प्रबंधक वैशाली ने किया। बैठक में डीडीएम नाबार्ड(श्री शशि कुमार चौधरी), एलडीओ आरबीआई(श्री श्रेय चौधरी),
श्री सुनील कुमार , निदेशक रूडसेट संस्थान हाजीपुर, सहित जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
दूसरी ओर इसी मीटिंग के पश्चात माननीय जिलाधिकारी के अध्यक्षता में रूडसेट संस्थान हाजीपुर के
जिला स्तरीय रूडसेटी परामर्श दात्री समिति की त्रैमासिक बैठक का भी आयोजन किया गया। श्री सुनील कुमार निदेशक, रूडसेट ने इस दौरान संस्थान द्वारा दिए गए प्रशिक्षण व उसके क्रियाकलापों के बारे में विस्तृत ब्यौरा प्रदान किया I