Bihar News: मास्क नहीं पहनने वाले दर्जनों लोगों को किया गया जुर्माना, दी गयी सख्त हिदायत

IMG-20210420-WA0012
Share News

संवाददाता मोहन सिंह

बेतिया। कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु मास्क, 02 गज की दूरी तथा गृह विभाग द्वारी जारी अद्यतन अन्य दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए दिनांक-19.04.2021 की देर संध्या जिलाधिकारी, कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक, बेतिया, उपेंद्र नाथ वर्मा के नेतृत्व में सघन जाँच अभियान चलाया गया ।

जाँच अभियान के क्रम में शहर का भ्रमण कर कोरोना गाइडलाइंस के पालन को लेकर सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान मास्क नहीं पहनने वालों दर्जनों लोगों तथा कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वाले दर्जनों दुकानदारों से निर्धारित जुर्माना भी वसूला गया।

जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, बेतिया, एसडीएम, बेतिया, विद्यानाथ पासवान समेत अधिकारियों का काफिला समाहरणालय से निकल कर बस स्टैंड, हरिवाटिका चौक, मुफस्सिल थाना चौक, रेलवे स्टेशन चौक, सुप्रिया चौक, छावनी चौक, उत्तरवारी पोखरा चौक, राज ड्योढ़ी चौक, लाल बाजार चौक, सोवा बाबू चौक, मीना बाजार चौक, इमली चौक, सागर पोखरा चौक समेत शहर के विभिन्न मार्गो तथा चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए लोगों से अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने तथा मास्क पहन कर ही कहीं आने-जाने तथा कोविड 19 के गाइडलाइंस के पालन की अपील की।

इस संदर्भ में जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी कोविड अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सी मीटर, वेंटिलेटर, आवश्यक मेडिसिन आदि की पुख्ता व्यवस्था है। एक-दो आवश्यक मेडिसिन शीघ्र ही हमारे जिले में उपलब्ध होगा। किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है और ना ही किसी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत है। जिला प्रशासन की पूरी टीम जिलेवासियों को कोरोना महामारी से निजाद दिलाने हेतु कृतसंकल्पित है। सभी अधिकारी समन्वित प्रयास कर कोरोना महामारी की रोकथाम में लगे हुए हैं।

उन्होंने लोगों से अपील किया कि बेवजह घरों से बाहर निकलने से परहेज करें साथ ही कोरोना गाइडलाइंस का भी पालन करें। बचाव ही कोरोना संक्रमण से बचने का उपाय है। 45 वर्ष से ऊपर के सभी व्यक्ति कोविड-19 टीका संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अवश्य लें। इसके साथ ही पूरी तरह सजग रहकर मास्क पहने और 02 गज दूरी का पालन सख्ती के साथ करें। साथ ही कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें।

You may have missed