Bihar News :वैशाली में 13.30 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन युवक गिरफ्तार, राजापाकर पुलिस की कार्रवाई
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 13.30 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान उपेंद्र कुमार, सौरभ कुमार और आयुष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद तीनों आरोपियों को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजापाकर थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा को मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार, पटना से सूचना मिली थी कि राजापाकर के रहने वाले तीन युवक असम के सिलचर से ट्रेन के माध्यम से मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। तीनों के हाजीपुर जंक्शन पर उतरकर राजापाकर पहुंचने की सूचना थी। सूचना में बताया गया था कि तत्काल नाकेबंदी कर कार्रवाई करने पर उन्हें पकड़ा जा सकता है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा पुलिस बल के साथ छापेमारी के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम राजापाकर दक्षिण टोला के वार्ड संख्या-5 स्थित मछगरा गाछी पहुंची। वहां तीन युवक पिट्ठू बैग लेकर खड़े दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही तीनों भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस बल ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान उपेंद्र कुमार, पिता जय मंगल राय, निवासी बैकुंठपुर; सौरभ कुमार, पिता आलोक राय, निवासी राजापाकर दक्षिणी वार्ड संख्या-9; तथा आयुष कुमार, पिता चंदन राय, निवासी राजापाकर दक्षिणी वार्ड संख्या-9, थाना राजापाकर के रूप में बताई।
इसके बाद पुलिस ने तीनों के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान लाल रंग के प्लास्टिक के डिब्बे में छिपाकर रखा गया कुल 13.30 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तीनों युवकों को गिरफ्तार कर थाना लाया।
थाने में मजिस्ट्रेट के रूप में उपस्थित प्रखंड श्रम पदाधिकारी की मौजूदगी में बरामद मादक पदार्थ को विधिवत सीलबंद किया गया। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों को भी गिरफ्तारी की सूचना दी गई।
थाने में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ के समक्ष पेश किया गया। वहां पुलिस पदाधिकारी ने मामले की जानकारी दी।
इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल, एसआई ए.के. काजी सहित थाना के पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।