Bihar News : राजापाकर के बाकरपुर प्राथमिक विद्यालय में महिला सभा, सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड क्षेत्र के लगूंराव विलन्दपुर पंचायत अंतर्गत बाकरपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) के तत्वावधान में महिला सभा का आयोजन किया गया। सभा में पंचायत क्षेत्र की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, प्रशाखा राजापाकर की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी एवं मीरा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

महिला सभा में मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण नली-गली निश्चय योजना, समाज कल्याण विभाग, लोहिया स्वच्छता अभियान, आईसीडीएस, आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड सहित प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय अभियानों के बारे में जानकारी साझा की गई। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा पात्रता के संबंध में भी बताया गया।
सभा के दौरान पंचायत स्तर की समस्याओं और शिकायतों को भी प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित महिलाओं से कहा गया कि उनकी समस्याओं को ग्राम पंचायत की ग्राम सभा पंजी में दर्ज किया जाएगा तथा ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के अंतर्गत संबंधित समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
राज, मुखिया प्रतिनिधि पंकज कुमार राय सहित नीरज कुमार, अभिषेक कुमार, राधाकृष्ण कुमार, मनोहर कुमार, अनिल कुमार, रिचा गुप्ता, राजेश कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। महिला सभा में समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं को भी सामने रखा।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह की महिला सभाओं का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करना तथा पंचायत स्तर की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में प्रयास करना है।