Etawah News :यंग जीनियस में चौपाई-श्लोक आधारित अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

WhatsApp Image 2026-09-23 at 3.02.28 PM
Share News

ब्यूरो संवाददाता

तुलसी शाखा के सांस्कृतिक पखवाड़े का अंत्याक्षरी प्रतियोगिता से शुभारंभ

इटावा : भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय विकास परिषद की तुलसी शाखा द्वारा सांस्कृतिक पखवाड़े के अंतर्गत चौपाई-श्लोक आधारित अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन यंग जीनियस एकेडमी में हर्षोल्लास के साथ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में रामचरितमानस की चौपाइयों, श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों और भजनों पर आधारित अंत्याक्षरी का आयोजन किया गया।

WhatsApp Image 2026 09 23 at 3.01.58 PM

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मार्थ शाखा के अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी राजेन्द्र दीक्षित ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल की दुनिया से निकालकर भारतीय ग्रंथों और संस्कारों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि चौपाइयां और श्लोक केवल कंठस्थ करने की सामग्री नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला का संदेश देते हैं।

संस्कार गतिविधि संयोजक नीलिमा चौधरी ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चे जब भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ी ऐसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं, तो इससे आत्मिक संतुष्टि मिलती है।

प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सस्वर चौपाइयों एवं श्लोकों का पाठ कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल ने उच्चारण की शुद्धता, भाव और प्रस्तुति के आधार पर तान्या, आयुष, अंकुश, कृष्णकांत, अनुराग एवं अन्य प्रतिभागियों की टीम को विजेता घोषित किया। वहीं साहिल, उत्कर्ष, अवनी, मिनाली, अंशिका एवं अन्य प्रतिभागियों की टीम उपविजेता रही।

सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं तुलसी शाखा के पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ सदस्य प्रीतम खन्ना, शमीम बेगम, नीलिमा चौधरी, शशि दीक्षित, डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता, अशोक अग्निहोत्री, संगीता सिंह, आशा अग्निहोत्री, अनीता वर्मा, मंजू सिंह, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित तुलसी शाखा के सभी सदस्यों एवं विद्यालय परिवार का सराहनीय सहयोग रहा।

समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं कार्यक्रम संयोजक देशकुमारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Trending News