Bihar News : आपदा विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण की दी गई जानकारी
संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। आपदा विभाग द्वारा संचालित भूकंपरोधी भवन निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में राजमिस्त्रियों को भवन निर्माण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान मकान निर्माण से पूर्व किए जाने वाले लेआउट, दीवार निर्माण, सीढ़ी, ईंट, मसाला, सीमेंट और सरिया आदि के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षक मनीष कुमार सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि किसी भी भवन का निर्माण शुरू करने से पहले भूमि पर सही तरीके से लेआउट करना बेहद जरूरी है। लेआउट के माध्यम से भवन के कमरों, दीवारों, सीढ़ीघर तथा अन्य हिस्सों की स्थिति और माप निर्धारित किए जाते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान 5 इंच और 10 इंच की दीवारों की जुड़ाई के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही अच्छी गुणवत्ता की ईंट की पहचान तथा बालू, सीमेंट और मसाले को उचित अनुपात में तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई।
राजमिस्त्रियों को सीमेंट के विभिन्न ग्रेड, जैसे 33, 43 और 53 ग्रेड, के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षक ने सीमेंट की बोरी पर अंकित आवश्यक जानकारी और निर्माण कार्य में गुणवत्ता वाले सीमेंट के उपयोग के महत्व को समझाया। साथ ही सीमेंट की निर्माण तिथि देखकर उसके उपयोग की अवधि के संबंध में भी जानकारी दी गई।
भवन निर्माण में भूकंपरोधी तकनीक के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान छत की ढलाई, गिट्टी-बालू-सीमेंट के अनुपात तथा सरिया बांधने की विभिन्न विधियों के बारे में जानकारी दी गई। सरिया की जाली में उचित गैप रखने तथा निर्माण कार्य में निर्धारित माप और तकनीकी मानकों का पालन करने के बारे में भी बताया गया।
प्रशिक्षक ने बिहार के भूकंपीय क्षेत्रों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भवन निर्माण के दौरान स्थानीय भूकंपीय परिस्थितियों को ध्यान में रखना आवश्यक है, ताकि भवन को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजमिस्त्री अमरनाथ कुमार, रोशन कुमार, चंद्रलोक कुमार, देवाशीष कुमार, संजीव राम, अशोक कुमार, अजय राय, शिवनाथ कुमार, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी राजमिस्त्री उपस्थित रहे।