Bihar News: जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं 48 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर हुआ निपटारा

Share News

बेतिया समाहरणालय में जनसुनवाई के दौरान डीएम तरनजोत सिंह ने 48 शिकायतें सुनीं। कई मामलों का मौके पर निपटारा हुआ और शेष के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

IMG-20260810-WA0028
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 48 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

IMG 20260810 WA0029

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।

IMG 20260810 WA0028

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

जनसुनवाई के दौरान रेखा कुमारी, शबनम खातून, हसीना खातून, विकास कुमार सिंह, दिनेश कुमार शर्मा, राजेंद्र राम, सुखलाल पासवान, वसी अहमद, संदीप कुमार, लालजी हजरा, मराछी देवी और दीपक कुमार राज, रमेश राम सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

बताया गया कि जनसुनवाई कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान कर पारदर्शी, जवाबदेह एवं संवेदनशील प्रशासन सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री, वरीय उप समाहर्ता अहमद अली अंसारी, पीजीआरओ मासूम अंसारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Trending News