संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर के परिसर में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना/जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आई गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में कुल 72 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक दवाएं दी गईं। महिलाओं की जांच डॉ. मनीषा, डॉ. शालिनी और डॉ. जितेंद्र मोहन पासवान ने की।
स्वास्थ्य जांच के दौरान महिलाओं का हीमोग्लोबिन, रक्तचाप (बीपी), वजन, एचआईवी सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। उन्हें विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स, आयरन और कैल्शियम की दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। बताया गया कि स्वास्थ्य केंद्र में समय-समय पर आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर अपनी और गर्भस्थ शिशु की स्वास्थ्य स्थिति की जांच करानी चाहिए, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें।
महिलाओं को भारी वजन नहीं उठाने तथा पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई। उन्हें भोजन में हरी साग-सब्जियां, फल, दूध, अंडा और सूखे मेवे जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाने की सलाह दी गई, जहां प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं नर्सों की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया जाता है।
शिविर के आयोजन में एएनएम शांति कुमारी, पूजा कुमारी, गुंजन कुमारी, पल्लवी कुमारी, शोभा कुमारी और प्रभा कुमारी ने सहयोग किया। वहीं, प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें शिविर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।