संवाददाता : मदन गोपाल
अम्बेडकर नगर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, तेंदुआईकलां में छात्राओं के शैक्षिक एवं व्यावसायिक विकास को ध्यान में रखते हुए पुस्तक मेला एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा तथा व्यावसायिक अवसरों के संबंध में सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, राजेसुल्तानपुर (अम्बेडकर नगर) के प्रधानाचार्य कप्तान सिंह रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा देवी एवं मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं वंदना के साथ किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा व्यावसायिक कौशल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और उपयोगी जानकारी हासिल की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा देवी ने छात्राओं को अपने भविष्य के लक्ष्यों को पहचानने, नियमित अध्ययन करने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से यह पुस्तक मेला एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक एवं सफल रहा।