आगरा। ताजमहल जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एक प्राचीन वृक्ष की कुछ बड़ी शाखाएं तेज बारिश और आंधी-तूफान के चलते टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। इस दौरान ताजमहल आने-जाने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ा, वहीं राहगीरों को भी कांटेदार टहनियों के कारण परेशानी हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग और नगर निगम को फोन एवं लिखित आवेदन के माध्यम से सूचित किया। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरी शाखाओं को काटकर हटाया गया।
इसके बाद नगर निगम की टीम ने पूरे मार्ग को साफ कर आवागमन को पूरी तरह सामान्य कर दिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया है कि वृक्ष को नहीं काटा गया है, बल्कि केवल आंधी-तूफान में गिरी हुई शाखाओं को हटाया गया है ताकि यातायात और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही “पेड़ काटने” की खबरों को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।