संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 44वीं वाहिनी एवं बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 75.3 किलोग्राम गांजा के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 2:20 बजे 44वीं वाहिनी एसएसबी, नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र ‘सी’ समवाय पचरौता के अंतर्गत पचरौता तीन मोहानी पुल के समीप भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त रात्रि गश्त एवं नाका जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। यह स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 429 से लगभग 2.7 किलोमीटर भारतीय सीमा के भीतर स्थित है।
कार्रवाई के दौरान एसएसबी के निरीक्षक (सामान्य) जयप्रकाश अपनी टीम के साथ जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत की तरफ सिर पर एक बोरी लेकर आ रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच में बोरी से 75.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र यादव (39 वर्ष), पिता कन्हैया यादव, निवासी ग्राम खैरवा टोला, पोस्ट दमरपुर, थाना मानपुर, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था। बरामद गांजा एवं गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भंगाहा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी और बिहार पुलिस की लगातार कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है।