संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर के एक्स-रे कक्ष से जुड़े एक वायरल वीडियो की जांच के लिए सिविल सर्जन, वैशाली के निर्देश पर जांच टीम सोमवार को अस्पताल पहुंची। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता एवं उसमें किए जा रहे दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जांच टीम में डॉ. बृजेश कुमार शरण एवं डॉ. गुड़िया रानी शामिल थीं। दोनों अधिकारियों ने एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया तथा वायरल वीडियो से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जांच की। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय एवं संबंधित एक्स-रे कर्मी से कई बिंदुओं पर पूछताछ की।
जांच के बाद डॉ. गुड़िया रानी ने मीडिया को बताया कि सिविल सर्जन के निर्देश पर मामले की जांच की गई है। सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे सक्षम प्राधिकारी को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने कहा कि वायरल वीडियो उनके कार्यकाल का नहीं है और यह काफी पुराना प्रतीत होता है। उन्होंने आशंका जताई कि अस्पताल की छवि खराब करने के उद्देश्य से किसी असामाजिक तत्व द्वारा इसे दोबारा वायरल किया गया हो सकता है।