संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पश्चिम चंपारण की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ‘नशा मुक्त भारत–विकसित भारत की पहचान’ विषय पर समाहरणालय सभागार में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र-छात्राओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों से समाज को जागरूक करने और युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए परिवार, विद्यालय, समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।
सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग विकास कुमार ने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समाज में व्यापक जनजागरूकता पैदा करना है। जिला प्रशासन विभिन्न माध्यमों से लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है, ताकि विशेषकर युवा वर्ग नशे के दुष्प्रभावों से बचते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार जीवन जी सके।
कार्यशाला में जीविका दीदी सरोज देवी, डॉली कुमारी, लीला देवी तथा वृंदावन विद्यालय के शिक्षक संतोष आनंद ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर 17 जून से 26 जून 2026 तक आयोजित नशामुक्त सप्ताह के दौरान निबंध लेखन, चित्रकला एवं क्वीज प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में हस्ताक्षर अभियान चलाकर अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, जीविका दीदियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया तथा सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर वरीय उप समाहर्ता नगमा तब्बसुम, जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) कुमकुम पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।