संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण
पश्चिमी चंपारण जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जगदीशपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो घोड़ों पर लदी 85.86 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी चंपारण, बेतिया के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध शराब की बरामदगी एवं तस्करों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जगदीशपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस ने दो घोड़ों पर लदी कुल 85.86 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। मामले में एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंदर यादव (26 वर्ष), पिता सिपाही यादव, निवासी मड़ुआहां, थाना नौतन, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से गंडक नदी पार कर घोड़ों पर शराब लादकर बिहार ला रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और बनहौरा गांव के समीप उसे धर-दबोचा। हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
एसडीपीओ ने बताया कि जगदीशपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।