Bihar News : जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सुनीं 30 मामलों की शिकायतें, कई का मौके पर निपटारा

WhatsApp Image 2026-04-13 at 6.59.36 PM
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण: तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कुल 30 मामलों की सुनवाई की। इनमें भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।

जिलाधिकारी ने न केवल शिकायतों को सुना, बल्कि कई मामलों में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया, जिससे आवेदकों को तत्काल राहत मिली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष मामलों का निष्पादन तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनसुनवाई में निरंजन साहा, ललिता देवी, प्रेम कुमार दास, पूनम देवी, रामबालक साह, संगीता देवी, मंजू देवी, नंदलाल प्रसाद, कमलेश्वर प्रसाद, राधा यादव एवं असगरी बेगम सहित कई नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Trending News