संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
स्थान: दयालपुर, वैशाली (बिहार)
07 अप्रैल 2026
दयालपुर । बिहार के वैशाली जिले के दयालपुर स्थित ब्रज मोहन दास महाविद्यालय में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के स्मार्ट कक्ष में किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने की।

कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रवि रंजन कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. तारकेश्वर पंडित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए हमें अपनी जीवनशैली में सुधार करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि देर रात तक जागना और सूर्योदय के बाद उठना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक सुविधाएं जैसे एसी और फ्रिज का अत्यधिक उपयोग बीमारियों को बढ़ावा देता है, इसलिए इनका सीमित उपयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने छात्रों को फास्ट फूड जैसे पिज्जा, बर्गर और मोमोज से दूरी बनाने की सलाह दी और शुद्ध पानी तथा ताजे भोजन के सेवन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. जया चौधरी ने कहा कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों का संतुलन जरूरी है, क्योंकि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने छात्रों को प्रतिदिन कम से कम आठ घंटे की नींद लेने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अभिरंजन कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रो. सोनी कुमारी, छात्र सचिन कुमार, कुमार सिंह, छात्रा रिया कुमारी, सोनाली कुमारी एवं पूजा सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
यह आयोजन छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।