संवाददाता: मनोज कुमार
इटावा : स्टेशन रोड स्थित नारायण धाम में ऑल इंडिया उलेमा व मशाइख़ बोर्ड इटावा यूनिट द्वारा पांच मुस्लिम जोड़ों का सामूहिक निकाह समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया उलेमा व मशाइख़ बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्लामा मौलाना हज़रत सैय्यद मोहम्मद अशरफ अशरफी मियां कछौछा शरीफ उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में सभी जोड़ों का निकाह विधिवत सम्पन्न कराया गया।
निकाह के बाद मौलाना अशरफ अशरफी मियां ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की दुआ की। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी दोनों को एक-दूसरे के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि एक अच्छा मुसलमान वही है जो खुद इल्म हासिल करे और दूसरों, खासकर गरीब बच्चों को भी शिक्षा दिलाने में सहयोग करे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हाफिज मोहम्मद कैफ द्वारा कुरान पाक की तिलावत से हुआ, जबकि संचालन मशहूर शायर इंतखाब आलम रौनक इटावी ने अपने शायराना अंदाज में किया। इस समारोह में इटावा, फिरोजाबाद, औरैया और भिंड सहित आसपास के जिलों से आए दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन मौजूद रहे। सभी नवदंपतियों को उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम से पूर्व बोर्ड के जिलाध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद, जिला उपाध्यक्ष अज़हर फरीदी व अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। हाजी शेख शकील अहमद ने बताया कि यह संस्था का पांचवां सामूहिक विवाह सम्मेलन है और आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
समाजसेवियों और उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से गरीब परिवारों को काफी सहायता मिलती है। क़ौमी तहफ्फुज कमेटी के संयोजक खादिम अब्बास ने इसे समाज सेवा का उत्कृष्ट कार्य बताते हुए नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।