संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
स्थान: राजापाकर / वैशाली
प्रखंड क्षेत्र के अलीपुर स्थित सामुदायिक भवन परिसर में भाकपा (माले) प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सचिव सुमन कुमार ने की, जबकि संचालन जिला सचिव जोगेंद्र राय ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव जोगेंद्र राय ने कहा कि पार्टी के सभी सदस्य नवीकरण कार्य को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी लें। उन्होंने बताया कि 23 मार्च 2026 को भगत सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर राजापाकर प्रखंड में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन से पहले नवीकरण, सदस्यता अभियान तथा “भारतीय” और “लोक युद्ध” पत्रिका के पाठक बनाने का कार्य पूरा करना आवश्यक है।
प्रखंड सचिव सुमन कुमार ने कहा कि यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तनावपूर्ण स्थितियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा ईरान के खिलाफ संभावित युद्ध की स्थिति को तत्काल रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर भारत सरकार को भी विश्व शांति के पक्ष में स्पष्ट पहल करनी चाहिए।
बैठक को महताब राय, राम बहादुर सिंह, सुरेश राय, बहादुर माझी, अजय राम, कामेश्वर पासवान, विनोद राम और महेश प्रसाद सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।