दुबई (यूएई)।
वी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी के होनहार खिलाड़ी सम्भव शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दुबई (यूएई) में 1 फरवरी से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित 13वीं फुजैरा कप इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सम्भव शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक अपने नाम किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में वी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री प्रदीप भाटी, वर्दान कॉन्ट्रैक्टर्स एंड डेवलपर्स के डायरेक्टर श्री राज प्रताप सिंह एवं मनीष कुमार सक्सेना ने सम्भव शर्मा को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी के कुल पाँच खिलाड़ियों ने भाग लिया। सम्भव शर्मा के साथ नव्या गुप्ता, प्रखर गुप्ता, सौम्या तोमर एवं अभय कटारा ने भी विदेशी खिलाड़ियों के खिलाफ कड़े मुकाबलों में भाग लेकर अपने खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर एकेडमी के संस्थापक विशाल कुमार सक्सेना, कोच विक्रम सक्सेना, जूही सक्सेना, लकी राणा, रामप्रसाद, मीनाक्षी, प्रीति तिवारी एवं क्षेत्रीय पार्षद दीपक वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
कोच विक्रम सक्सेना ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। अतिथियों ने भी कहा कि वी.एस. स्पोर्ट्स एकेडमी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों, कोचों और अभिभावकों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।