Bihar News | राजापाकर / वैशाली
वैशाली जिले के राजापाकर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठपुर ग्राम में दहेज हत्याकांड के फरार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कांड संख्या 441/25 में नामजद अभियुक्त के घर पर बुधवार को पुलिस द्वारा इश्तिहार चिपकाया गया।

थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा के नेतृत्व में कांड के अनुसंधानकर्ता संदीप मंडल, एएसआई सजीवन पासवान एवं सशस्त्र बलों के साथ बैकुंठपुर गांव पहुंचे। पुलिस ने डुगडुगी और बाजा बजाकर दहेज हत्याकांड के मुख्य आरोपित अनीश कुमार के घर पर इश्तिहार चिपकाया।
मालूम हो कि दहेज के लिए काजल कुमारी (पति अनीश मंडल) की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतका की बहन के बयान पर राजापाकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। केस में तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जिनमें
1.अनीश कुमार, पिता रंजीत पटेल
2. रंजीत पटेल, पिता राम नरेश महतो
3. पुतुल देवी, पति रंजीत पटेल
तीनों अभियुक्त घटना के बाद से फरार चल रहे हैं।
इश्तिहार चिपकाने की कार्रवाई के दौरान गांव में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि अभियुक्त शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और फरार अभियुक्तों पर दबाव बढ़ गया है।