संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
बरांटी थाना, वैशाली
बरांटी थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक बोलेरो वाहन से 840 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से लदी बोलेरो को जब्त कर थाना लाते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरांटी थानाध्यक्ष पप्पू कुमार ने बताया कि थाना में पदस्थापित पीटीसी उपेंद्र कुमार सिंह सुरक्षा बल के साथ संध्या गश्ती पर थे। इसी दौरान हाजीपुर-जंदाहा एनएच-322 पर घोड़ा चौक के समीप वाहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान बिदुपुर की ओर से आ रही एक बोलेरो गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया।
वाहन जांच होता देख चालक गाड़ी को मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने सरकारी वाहन से उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक रविदास चौक के पास बोलेरो खड़ी कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने में सफल रहा।
जब्त बोलेरो की तलाशी लेने पर पाया गया कि वाहन के इंजन नंबर और चेसिस नंबर वाले स्थान को घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया था। वाहन के अंदर रखे 14 प्लास्टिक के बोरों की जांच की गई। प्रत्येक बोरे में 10-10 लीटर क्षमता वाली छह पॉलिथीन में देसी शराब भरी हुई थी।
पुलिस के अनुसार कुल 840 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब और बोलेरो वाहन को जब्त कर थाना लाया गया तथा जब्ती सूची तैयार कर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।