आगरा न्यूज: कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने को लेकर हुआ पीकू मॉकड्रिल अभ्यास

IMG-20210827-WA0026
Share News

आगरा ब्यूरो

आगरा। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर व बच्चों में कोविड संक्रमण के प्रबंधन की तैयारियों को लेकर जनपद में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय पीडियाट्रिक कोविड केयर इकाइयों पर मॉकड्रिल किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए विभाग द्वारा हर जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंदौली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली अहीर पर पीकू वार्ड में मॉक ड्रिल कर तैयारियों को परखा गया।

एसीएमओ डॉ. एसएम तोमर ने बताया कि पीकू वार्ड के मॉक ड्रिल के दौरान डमी मरीज को वार्ड में एडमिट करने की प्रक्रिया को पूर्ण किया गया। इसमे मरीज के आने पर उसे तय गाइडलाइन के हिसाब से कोविड धनात्मक और संभावित कोविड धनात्मक होने पर अलग-अलग वार्ड में शिफ्ट किया गया। इस दौरान कोविड-19 कमांड सेंटर पर कॉल करके अस्पताल के आवंटन की प्रक्रिया को भी दोहराया गया। मॉकड्रिल में ऑन ड्यूटी चिकित्सकों ने मरीज को वार्ड में शिफ्ट करने और उसे उपचार देने का निर्णय लिया। इस दौरान सभी स्टाफ और चिकित्सक तय गाइडलाइन के हिसाब से पीपीई किट पहनकर तैयार थे। पूरी मॉकड्रिल का ऑब्जर्वेशन भी किया गया। इसकी रिपोर्ट बनाकर सीएमओ कार्यालय में भी जमा की गई।

डॉ. तोमर ने बताया कि जिला अस्पताल में लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक डॉ. वीके सिंह ने मॉकड्रिल का मुआयना किया। एसएन मेडिकल कॉलेज में भी पीकू की मॉकड्रिल की गई।

Trending News