वीर गाथा 6.0 प्रतियोगिता में सबेया कला के छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। सबेया कला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वीर गाथा 6.0 प्रतियोगिता के तहत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पेंटिंग, कविता लेखन और निबंध लेखन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, नवरात्रि के शुभ अवसर पर विद्यालय में झिझिया नृत्य सहित बिहार के पारंपरिक लोकगीतों की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
विद्यालय की शिक्षिका सुश्री मेरी आडलीन ने बताया कि वीर गाथा 6.0 भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना विकसित करना तथा वीरता पुरस्कार विजेताओं के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है।
इसी उद्देश्य से विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। पेंटिंग प्रतियोगिता में नवम वर्ग की मुस्कान कुमारी, उज्ज्वला कुमारी, साधना कुमारी और सुशांत कुमार की कृतियों को चयनित किया गया। वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में रजो कुमारी तथा कविता लेखन प्रतियोगिता में अनिशा कुमारी का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों की पेंटिंग, कविता और निबंध को वीर गाथा 6.0 प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन भेजा गया।

झिझिया नृत्य और लोकगीतों ने बांधा समां
विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय तिवारी ने बताया कि वीर गाथा प्रतियोगिता के साथ नवरात्रि के शुभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करते हुए झिझिया नृत्य के साथ झिझिया, सोहर और झुमरा जैसे पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं।
छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
विद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को देशभक्ति, रचनात्मकता और अपनी लोकसंस्कृति के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ भारतीय वीरता की परंपरा और बिहार की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।