Bihar News: राजापाकर में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज, भलुई हाट में 50 वर्षों से बन रही मां दुर्गा की प्रतिमा
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने में कारीगर और मजदूर दिन-रात जुटे हुए हैं। वहीं, दूसरी ओर कई स्थानों पर भव्य पूजा पंडालों का निर्माण भी किया जा रहा है। पूजा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
प्रखंड मुख्यालय के राजापाकर पुरानी बाजार, भुवनेश्वर चौक, शनिचर हाट चौक और हाई स्कूल चौक पर मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इन स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है। इसके अलावा भलुई पंचायत के भलुई हाट परिसर में भी मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। यहां कारीगर प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

भलुई हाट में 50 वर्षों से हो रही मां दुर्गा की पूजा
भलुई हाट परिसर में पिछले लगभग 50 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर भव्य पंडाल बनाया जाता रहा है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के कारण यहां दशहरा पर्व का विशेष महत्व है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने और पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।
नवमी और दशमी पर होगा भव्य भंडारा
दशहरा पर्व के अवसर पर भलुई हाट परिसर में इस बार भी नवमी और दशमी को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बैकुंठपुर पंचायत के मुखिया मजे लाल राय एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य आरती राय द्वारा पिछले लगभग 20 वर्षों से इस भंडारे का आयोजन कराया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, नवमी और दशमी के दोनों दिनों में लगभग 20 से 25 हजार महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग और युवा भंडारे में शामिल होकर मां दुर्गा का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है।
मुखिया मजे लाल राय एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य आरती राय ने प्रखंड क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भलुई हाट परिसर पहुंचकर दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित भंडारे में शामिल हों और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें।

कई लोग संभाल रहे हैं आयोजन की व्यवस्था
भलुई हाट परिसर में पूजा और भंडारे के आयोजन को सफल बनाने के लिए कई लोग अपनी भूमिका निभा रहे हैं। व्यवस्थापकों में अनुराधा श्री, कमरे जमाल, सिकंदर खान, अनिल राय, रविंद्र कुशवाहा, प्रभु साह, सीताब भगत, उपेंद्र राय, अरोघ राय, वीरेंद्र राय और कृष्णा राय सहित अनेक लोग शामिल हैं।
क्षेत्र में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज होने के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। पूजा पंडालों की सजावट, प्रतिमा निर्माण और भंडारे की तैयारियों के बीच राजापाकर प्रखंड में दशहरा पर्व को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है।