Agra News :आगरा में दशहरा शोभायात्रा से पहले विवाद, मंदिर कमेटी ने पार्षदों के आरोपों को किया खारिज

IMG-20261017-WA0176
Share News

संवाददाता प्रताप सिंह आजाद

आगरा। मंदिर श्रीराम चंद्रजी महाराज, जटपुरा लोहामंडी से निकलने वाली दशहरा शोभायात्रा को लेकर विवाद गहरा गया है। शोभायात्रा में अब मात्र तीन दिन शेष रहने के बीच मंदिर कमेटी ने क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर अपने पक्ष में साक्ष्य प्रस्तुत किए और कहा कि प्रभु श्रीराम की सेवा के कार्य में राजनीति करने के बजाय सभी को जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

दशहरा शोभायात्रा के लिए मंदिर कमेटी द्वारा नियुक्त अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने पिछले वर्षों की रसीद बुक और आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि उनका बचपन इसी क्षेत्र में प्रभु श्रीराम की सेवा करते हुए बीता है। उनके दादाजी और पिताजी ने भी 50 वर्ष से अधिक समय तक मंदिर की सेवा की है। इसके बावजूद उन्हें मंदिर और दशहरा शोभायात्रा की जिम्मेदारी से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

विनय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी से जुड़ने के बाद से उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब भगवान की सेवा करने का अवसर भी राजनीतिक दलों के आधार पर निर्धारित किया जाएगा? उन्होंने सभी से अपील की कि शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए राजनीति छोड़कर सेवा और व्यवस्था पर ध्यान दें।

IMG 20261017 WA0176

2023 के घाटे और बाद के वर्षों के हिसाब का दिया हवाला
विनय अग्रवाल ने पिछले वर्षों के आय-व्यय का विवरण देते हुए बताया कि वर्ष 2023 में शोभायात्रा की कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ था और उस वर्ष 56,809 रुपये का घाटा हुआ था। उनके अनुसार, वर्ष 2024 में उन्हें अध्यक्ष बनाया गया। उस वर्ष उन्होंने 58,609 रुपये का घाटा पूरा करने के साथ मंदिर कमेटी को 1,43,462 रुपये की बचत सौंपी। वहीं, वर्ष 2025 में अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने 1,07,558 रुपये बचाकर दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी वर्षों का लेखा-जोखा उपलब्ध है और जरूरत पड़ने पर इसे देखा जा सकता है।

तीन साल से टूटी दीवार की मरम्मत नहीं होने पर उठाए सवाल
मंदिर प्रबंधक रामदास कटारा ने मंदिर की टूटी दीवार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दीवार पिछले तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त है, लेकिन इसे ठीक कराने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि दशहरा शोभायात्रा के समय कुछ लोग अपना राजनीतिक प्रभाव दिखाने में जुट जाते हैं, जबकि मंदिर की बुनियादी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।

दशहरा कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षित पाठक ने भी कहा कि पिछले तीन वर्षों से पार्षदों की ओर से मंदिर की दीवार बनवाने का आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में केवल तीन दिन शेष हैं, इसके बावजूद शोभायात्रा मार्ग और मंदिर के आसपास की नालियां भरी हुई हैं तथा जगह-जगह कचरा पड़ा है।

हर्षित पाठक ने कहा कि इस समय प्राथमिकता शोभायात्रा की तैयारियों, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पद और कार्यकारिणी में बदलाव को लेकर राजनीति कर रहे हैं, जिसे मंदिर कमेटी बर्दाश्त नहीं करेगी।

मंदिर कमेटी की सहमति से बनाई गई कार्यकारिणी
मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दशहरा शोभायात्रा के लिए मंदिर कमेटी की सहमति से कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की सेवा के लिए आगे आने वाले सभी लोगों का स्वागत है, लेकिन धार्मिक आयोजन को राजनीतिक विवाद का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।

IMG 20261017 WA0176 1

प्रेस वार्ता के माध्यम से पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित लोगों से अपील की कि शोभायात्रा के आयोजन में सहयोग करें, मंदिर की समस्याओं का समाधान कराएं तथा मार्ग की साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर तत्काल ध्यान दें, ताकि दशहरा शोभायात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
ये लोग रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में रामदास कटारा, विनय अग्रवाल, राजपाल यादव, हर्षित पाठक, पापे भाई, महेश लोधी, कमल अग्रवाल, विनोद राजपूत, नैमी यादव, दिनेश यादव, देव शर्मा, टीटू पंडित, हर्ष यादव, जय किशन लोधी और नीरज राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Trending News