बिहार न्यूज़: बेतिया में जनसुनवाई, डीएम तरनजोत सिंह ने सुनीं 52 शिकायतें

IMG-20261017-WA0128
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण। जिले के समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल 52 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान संतोष राय, धर्मेन्द्र गिरी, अशोक कुमार, अनिल कुमार शुक्ला, मुन्ना यादव, राजन कुमार, रामानंद यादव, शालू देवी, अयूब खान, हासिम मियां, अभिषेक कुमार मिश्रा सहित अन्य फरियादियों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
राजस्व, पेंशन और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें आईं सामने
जनसुनवाई के दौरान राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क और मरम्मत से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

IMG 20261017 WA0128

उन्होंने शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं करने और आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया। जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान के तहत आयोजित हुई जनसुनवाई
यह जनसुनवाई कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान कर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निष्पादन किया जाए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जिला स्तरीय अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई के अवसर पर उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी जिला जनता दरबार मासूम अंसारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Trending News