सराय/वैशाली।
वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के लक्ष्मीपुर गांव के पास 112 डायल पुलिस की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक द्वारा चकमा दिए जाने के बाद पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकरा गया। हादसे में वाहन पर सवार चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक होमगार्ड जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार रानी पोखर ओपी, जो सराय थाना के अंतर्गत आता है, के एएसआई श्यामलाल मरांडी 112 पर प्राप्त कॉल के आधार पर पौरा गांव में एक घटना की जांच के लिए गए थे। जांच के बाद टीम गुरुवार तड़के करीब ढाई बजे वापस लौट रही थी। इसी दौरान बोतल चट्टी से आगे लक्ष्मीपुर बकरी मोड़ के पास महुआ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पुलिस गाड़ी को चकमा दे दिया।

टक्कर से बचने के प्रयास में चालक ने वाहन को सड़क किनारे मोड़ा, लेकिन गाड़ी झाड़ी में घुसते हुए पीपल के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वाहन में एएसआई श्यामलाल मरांडी, होमगार्ड जवान अमरजीत कुमार, सिपाही सुमन कुमार और चालक पंकज कुमार सिंह सवार थे। हादसे में चालक पंकज कुमार सिंह और होमगार्ड जवान अमरजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों का प्राथमिक उपचार महुआ अस्पताल में कराया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए होमगार्ड जवान अमरजीत कुमार को पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।