संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
सपहा, वैशाली।
वैशाली जिले के बराटी थाना क्षेत्र के सपहा गांव में बंद पड़े एक घर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। मामले को लेकर गृहस्वामी पंकज कुमार ने बराटी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

आवेदन में पंकज कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ पुणे में रहते हैं। गांव स्थित उनके घर में ताला लगा हुआ था। रविवार को पड़ोसियों ने दूरभाष पर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और घर से सामान चोरी होने की आशंका है।
सूचना मिलने के बाद मंगलवार को जब वह अपने गांव पहुंचे तो घर के अंदर रखा एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, पानी का मोटर, सोने के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला। चोरी से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बराटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में बराटी थाना कांड संख्या 28/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस चोरी हुए सामान के मूल्यांकन के साथ-साथ चोरों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच में जुटी हुई है।