संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली।
जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशन में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) तैयार करने के लिए क्षेत्रीय पदाधिकारियों (Field Functionaries-FF) का प्रशिक्षण लगातार जारी है। बुधवार को प्रशिक्षण के छठे बैच का आयोजन जिला परिषद सभागार, हाजीपुर में किया गया।

इस बैच में महनार प्रखंड के 15 तथा पटेढ़ी बेलसर प्रखंड के 26 क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित कुल 41 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान DCHB से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों के संधारण, आंकड़ों के संग्रहण, सत्यापन तथा प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। संबंधित चार्ज अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी भी प्रशिक्षण में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का संचालन जनगणना निदेशालय, बिहार, पटना से आए जिला नोडल पदाधिकारी संजीव कुमार श्रीवास्तव एवं सहायक नोडल पदाधिकारी उत्पल कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को DCHB के उद्देश्य, ग्रामीण क्षेत्रों से सांख्यिकीय एवं गैर-सांख्यिकीय सूचनाओं के संग्रहण, अभिलेखों के सत्यापन, विभिन्न प्रपत्रों के सही संधारण तथा गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए प्रपत्रों को सही तरीके से भरने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में अपर जिला जनगणना अधिकारी सह निदेशक, डीआरडीए अजीत कुमार एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्रवण रजक भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त निर्देशों का क्षेत्रीय कार्य के दौरान शत-प्रतिशत पालन करने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसके लिए सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों का दक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आवश्यक है, ताकि जिले से संकलित आंकड़े शुद्ध, प्रमाणिक एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने सभी नामित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में प्राप्त सभी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।