संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
रानीपोखर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के रानीपोखर चौक पर बुधवार दोपहर कैश वैन लूट की एक बड़ी वारदात चालक की सूझबूझ और बहादुरी के कारण टल गई। घटना में शामिल एक हथियारबंद आरोपी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे एक तेज रफ्तार कैश वैन रानीपोखर चौक पर आकर अचानक रुकी। वाहन चालक गाड़ी से उतरकर शोर मचाते हुए लोगों से मदद की अपील करने लगा। चालक की आवाज सुनकर चौक पर मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसी दौरान जानकारी मिली कि कैश वैन के अंदर एक व्यक्ति हथियार के साथ मौजूद है, जिसने चालक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर वाहन को हाईजैक करने का प्रयास किया था।
घटना की सूचना मिलते ही चौक से कुछ दूरी पर स्थित रानीपोखर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सहित कैश वैन को ओपी ले गई। बाद में इसकी सूचना सराय थाना को दी गई। सराय थाना पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी तथा कैश वैन चालक और सुरक्षा कर्मियों से भी जानकारी जुटाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर कनकटा चौक के समीप कुछ हथियारबंद अपराधियों ने कैश वैन को रोक लिया था। बताया जाता है कि अपराधियों में से एक ने चालक से वाहन का गेट खुलवाया और अंदर चढ़कर उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी। इसके बाद उसने चालक को पानापुर की ओर वाहन ले जाने का निर्देश दिया।
हालांकि चालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को अपराधियों के बताए मार्ग पर ले जाने के बजाय मुख्य सड़क पर दौड़ाते हुए रानीपोखर चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचा दिया। भीड़ और पुलिस को देखकर आरोपी घिर गया और अंततः गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कुल कितने अपराधी शामिल थे तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।