संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
बिहार पुलिस की विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के 83 पदों पर नियुक्ति के लिए 24 जून 2026 (बुधवार) को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 5,936 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बैठक में परीक्षा संचालन, विधि-व्यवस्था संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि परीक्षा एकल पाली में आयोजित होगी। प्रथम प्रश्न-पत्र की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न-पत्र की परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक संचालित होगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8:00 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि सुबह 9:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गोपनीय सामग्री के वितरण तथा प्रश्न-पत्र खोलने से पूर्व परीक्षा कोड और बक्सों पर लगे लेबल के रंग का सावधानीपूर्वक मिलान करने पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कदाचार या अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, निदेशक डीआरडीए अरुण प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी बेतिया सदर विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।