Bihar News: मीडिया कर्मियों पर हमला और मोबाइल छीनने की घटना की हो निष्पक्ष जांच, कार्रवाई की मांग: सुनील कुमार राव
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पूर्व जिला पार्षद सुनील कुमार राव ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (जीएमसीएच) बेतिया में मीडिया कर्मियों के साथ कथित मारपीट एवं मोबाइल छीनने की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जीएमसीएच बेतिया का नाम लगातार विभिन्न विवादों से जुड़ता रहा है। अस्पताल में इलाज व्यवस्था को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं और प्रशासन द्वारा कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं।
सुनील कुमार राव ने कहा कि हाल ही में मरीज के परिजनों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों, छायाकारों एवं अन्य मीडिया कर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना सामने आई, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में लंबे समय से पदस्थापित कुछ अधिकारियों एवं कर्मियों के कारण व्यवस्थागत समस्याएं बनी हुई हैं। उनके अनुसार समय-समय पर प्रशासनिक समीक्षा और आवश्यक स्थानांतरण से व्यवस्था में सुधार लाया जा सकता है।
पूर्व जिला पार्षद ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार के महत्वपूर्ण सरकारी चिकित्सा संस्थान के रूप में जीएमसीएच बेतिया को आम लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अस्पताल में मरीजों, परिजनों तथा मीडिया कर्मियों के लिए सुरक्षित एवं जवाबदेह वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।