इटावा: यूट्यूबर संजना यदुवंशी उर्फ मुस्कान यादव पर आगरा में मुकदमा दर्ज, इंस्टाग्राम पोस्ट बना विवाद

YouTuber Sanjana Yaduvanshi controversy news
Share News

ब्यूरो संवाददाता
इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र की सोशल मीडिया पर सक्रिय यूट्यूबर संजना यदुवंशी उर्फ ‘मुस्कान यादव’ एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। आगरा के एक अधिवक्ता ने उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा के प्रयोग और अपनी छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया है।

651417372 26115910638059180 4136481868804052019 n
अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप
जिला एवं सत्र न्यायालय आगरा में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता देवेंद्र उर्फ दीपक यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि यूट्यूबर संजना यदुवंशी ने इंस्टाग्राम पर उनकी फोटो साझा करते हुए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। अधिवक्ता का कहना है कि इस पोस्ट के जरिए उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

इस मामले से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
अधिवक्ता के अनुसार वह अपने गांव की एक महिला से जुड़े मामले में पैरवी कर रहे हैं। इस मामले में यूट्यूबर संजना यदुवंशी के पति श्याम यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ थाना चित्राहाट में अपराध संख्या 8/26 के तहत मुकदमा दर्ज बताया गया है।
अधिवक्ता का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर यूट्यूबर ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की।

इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर शिकायत
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 25 फरवरी 2026 को संजना यदुवंशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अधिवक्ता की फोटो पोस्ट करते हुए अभद्र भाषा और गालियों का प्रयोग किया। अधिवक्ता का कहना है कि इस पोस्ट से उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है और उन्हें मानसिक व सामाजिक क्षति हुई है।

महिला रिश्तेदार पर भी टिप्पणी का आरोप
अधिवक्ता देवेंद्र यादव ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त पोस्ट में उनकी एक करीबी महिला रिश्तेदार के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। उनका कहना है कि एक अधिवक्ता होने के नाते समाज में उनकी प्रतिष्ठा है और इस तरह की सोशल मीडिया पोस्ट उनके पेशेवर सम्मान को प्रभावित करती हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
अधिवक्ता ने बताया कि इस मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जैसे इंस्टाग्राम पोस्ट और स्क्रीनशॉट उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल थाना न्यू आगरा पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी विवादों में रह चुकी हैं यूट्यूबर
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यूट्यूबर संजना यदुवंशी पहले भी अपने वीडियो और बयानों को लेकर विवादों में रही हैं। कई लोगों द्वारा उनके खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए जाने की शिकायतें भी विभिन्न थानों में दर्ज कराई गई थीं। हालिया मुकदमा दर्ज होने के बाद जसवंतनगर और आसपास के क्षेत्रों में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Trending News