Bihar News : राजापाकर में श्रद्धा के साथ हुई भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली
राजापाकर शनिचर हाट स्थित ऑटो स्टैंड परिसर में बने बाबा विश्वकर्मा मंदिर परिसर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ की गई। इस अवसर पर ऑटो स्टैंड परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।
विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि एवं व्यवसाय में उन्नति की कामना की। पूजा को लेकर ऑटो चालकों, वाहन मालिकों, मिस्त्रियों एवं स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।

इस दौरान लोगों ने अपने वाहनों के साथ-साथ काम में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों एवं औजारों की भी पूजा की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

इधर, राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम एवं श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विभिन्न पूजा पंडालों में भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा पंडालों को रंग-बिरंगी रोशनी एवं सजावटी सामग्री से सजाया गया था।
सुबह से ही श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा का दर्शन कर पूजा-अर्चना करते रहे। मान्यता के अनुसार, भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प एवं तकनीकी कार्यों का देवता माना जाता है। इसी कारण वाहन, मशीनरी, औजार एवं विभिन्न प्रकार के तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों के लिए विश्वकर्मा पूजा का विशेष महत्व है।
पूजा के दौरान कई स्थानों पर भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव एवं उल्लास का माहौल बना रहा।
इस मौके पर प्रमोद कुमार, अवधेश कुमार, शिवशंकर कुमार, दिनेश कुमार, जयराम भगत, सुबोध कुमार, झगरु कुमार, अरुण कुमार आदि उपस्थित थे।