संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर थाना क्षेत्र की राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या-08 में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की नकदी एवं जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गृहस्वामी श्री भगवान सिंह ने घटना की सूचना राजापाकर थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना में पदस्थापित एएसआई सजीवन पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का निरीक्षण किया। इसके बाद श्री भगवान सिंह ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध राजापाकर थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
थाना में दिए गए आवेदन में श्री भगवान सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह लगभग 4 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाने पर उनके पुत्र रजनीश कुमार के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। आसपास के लोगों को बुलाने के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो दूसरे कमरे में रखा बक्सा टूटा हुआ मिला। बक्से में रखे उनकी पत्नी के लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण तथा 20 हजार रुपये नकद गायब थे। उन्होंने बताया कि चोरों ने मास्टर चाबी से दूसरे कमरे में रखी गोदरेज अलमारी खोलने का भी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
इसी वार्ड के निवासी संजीत राय ने भी बताया कि बीती रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और कमरे में रखी अटैची उठाकर घर के बाहर ले गए। चोरों ने घर के समीप नल-जल योजना के टावर के पीछे अटैची तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद तथा जेवरात चोरी कर लिए।
थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।