संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन तथा लगुरांव बिलंदपुर पंचायत भवन परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक महेंद्र राम उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी गौरव कुमार, मुखिया बेबी देवी तथा समाजसेवी अमरेश सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।
विधायक महेंद्र राम ने शिविर में उपस्थित दर्जनों लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। सहयोग शिविर में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
शिविर के दौरान किसान पंजीकरण, किसान आईडी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड निर्माण समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ा गया।
नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं लगुरांव बिलंदपुर पंचायत में 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 11 आवेदनों का तत्काल निपटारा किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि इस प्रकार के सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंचाना है, जो संसाधनों के अभाव या अन्य कारणों से प्रखंड कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके गांव में ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की है।
उन्होंने बताया कि प्रखंड प्रशासन के साथ-साथ डेवलपमेंट पार्टनर आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत की टीम ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मुखिया दिव्या राज, मुखिया प्रतिनिधि अमरेश सिंह, बीसीओ अनामिका कुमारी, बीसीएम रामराज सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, पशु चिकित्सक डॉ. गौरी शंकर विद्यार्थी, पीएचईडी की जूनियर इंजीनियर निहारिका कुमारी, कनिष्ठ विद्युत अभियंता विक्रम कुमार, विकास मित्र नीलम कुमारी, सरिता कुमारी, बीपीएम राजकुमार साह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।