Bihar News: राजापाकर सीएचसी में 73 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजापाकर के परिसर में प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचीं कुल 73 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने बताया कि शिविर में गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, वजन, एचआईवी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद महिलाओं को आवश्यकतानुसार विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स, आयरन एवं कैल्शियम की दवाएं दी गईं।
महिलाओं की स्वास्थ्य जांच प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय के साथ डॉ. मनीषा, डॉ. शालिनी, डॉ. जेएमपी एवं डॉ. आरसी सिन्हा ने की। वहीं, एएनएम स्वयं प्रभा कुमारी, पूजा कुमारी, पल्लवी कुमारी एवं शांति कुमारी ने स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य में सहयोग किया।
चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित होने वाले शिविरों में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी की जा सकती है तथा किसी भी संभावित समस्या का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान भारी वजन नहीं उठाने तथा पौष्टिक भोजन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। उन्हें हरी साग-सब्जियां, फल, दूध, अंडा एवं ड्राई फ्रूट्स सहित पोषक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
चिकित्सकों ने महिलाओं को प्रसव के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र का चयन करने की सलाह दी, जहां प्रशिक्षित चिकित्सक एवं प्रशिक्षित नर्सों की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया जाता है। इससे प्रसूता और नवजात दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सकती है।
शिविर में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र तक लाने में प्रखंड क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आशा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न पंचायतों में गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए शिविर में पहुंचाया।