Prayagraj News: ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाएगा राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय – प्रोफेसर सत्यकाम
रिपोर्ट: विजय कुमार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को उच्च शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने रविवार को बताया कि लक्ष्य है कि कोई भी महिला शिक्षा से वंचित न रहे।

विश्वविद्यालय ने माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के साथ एमओयू किया है ताकि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राओं तक पहुंच बनाई जा सके। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए बाल विकास एवं पोषण में निःशुल्क डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे करीब 1.89 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियां लाभान्वित हो सकेंगी।
प्रो. सत्यकाम ने कहा, “बेटी पढ़ेगी तो समर्थ और सशक्त बनेगी। सशक्त बेटियां दहेज जैसी कुरीतियों का सामना कर सकेंगी।” उन्होंने माता-पिता से बेटियों को पराया धन न समझने और उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की अपील की।
उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को साकार करने में सहयोग देने की अपील की और बताया कि विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया जारी है।