प्रयागराज न्यूज़: नवनियुक्त मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने संभाला पदभार, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रिपोर्ट: विजय कुमार
प्रयागराज। नवनियुक्त मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने गुरुवार को प्रयागराज पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने गांधी सभागार में आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि सभी पटल प्रभारी एक सप्ताह के भीतर फाइलों का रख-रखाव सुव्यवस्थित कर लें तथा प्रत्येक पत्रावली पर क्रमांक (नंबरिंग) पट्टिका अंकित करें। उन्होंने सभी पटल सहायकों को अपने नाम, पदनाम एवं संबंधित कार्यों का उल्लेख करते हुए नेमप्लेट लगाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी पटल सहायकों को एक मास्टर रजिस्टर तैयार करने तथा विचाराधीन पत्रावलियों को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर उनके समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया और परिसर में समुचित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आरओ पेयजल स्थल को व्यवस्थित करने तथा वहां नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
मंडलायुक्त ने कहा कि एक सप्ताह बाद कार्यालय का पुनः निरीक्षण किया जाएगा। इससे पहले सभी पटल प्रभारी एवं कर्मचारी अपने-अपने अनुभागों को पूरी तरह व्यवस्थित कर लें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अपर आयुक्त (प्रशासन) त्रिभुवन, अपर आयुक्त (न्यायिक) जयजीत कौर सहित आयुक्त कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।