Agra News : महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा का शाहजहाँपुर में सातवां दिन, भिक्खु संघ से संवाद कर इतिहास और उद्देश्यों पर हुई चर्चा
महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा का शाहजहाँपुर में सातवां दिन, भिक्खु संघ से किया संवाद
शाहजहाँपुर। चावदार तालाब (महाड़) सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए के तत्वावधान में 26 अगस्त 2026 से शुरू हुई महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा का सातवां दिन 1 सितंबर को शाहजहाँपुर में आयोजित हुआ। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महाड़ सत्याग्रह के इतिहास, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और यात्रा के उद्देश्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।
यात्रा के सातवें दिन सुबह 11 बजे महामाया बुद्ध विहार, पवायां रोड, शाहजहाँपुर पहुंचकर वर्षावास में रह रहे भिक्खु संघ से मुलाकात की गई। इस अवसर पर यात्रा का नेतृत्व कर रहे धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए के महासचिव हरी गौतम विमल ने चावदार तालाब (महाड़) सत्याग्रह के घटनाक्रम और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए भाषणों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
हरी गौतम विमल ने यात्रा के उद्देश्यों के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी। कार्यक्रम में भिक्खु आनंद, भंते धम्मानंद, भंते शील सागर और एडवोकेट सुरेश पाल सिंह ने भी अपने विचार रखे।

महाड़ सत्याग्रह से जुड़ी पुस्तक और पंपलेट वितरित
इस दौरान उपस्थित भंतेगण, उपासक एवं उपासिकाओं को महाड़ सत्याग्रह के अवसर पर बाबा साहब डॉ. आंबेडकर द्वारा दिए गए दोनों महत्वपूर्ण भाषणों को संकलित कर तैयार की गई पुस्तक ‘चेतना की आग को बुझने न दीजिए’ तथा संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।
उपस्थित लोगों ने महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा के उद्देश्य की सराहना करते हुए यात्रा को अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया।
डॉ. आंबेडकर स्मारक एवं प्रेरणा स्थल का किया अवलोकन
इसके बाद यात्रा दल ने शाहजहाँपुर के नजदीकी ग्रामसभा शाहवाज नगर में चावदार तालाब की स्मृति में निर्मित डॉ. आंबेडकर स्मारक एवं प्रेरणा स्थल का अवलोकन किया।
यात्रा के दौरान इस प्रेरणा स्थल के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तथा बहुजन महापुरुषों के प्रति समर्पित ग्राम प्रधान महेश चन्द्र गौतम से भी मुलाकात की गई। महेश चन्द्र गौतम बसपा के पूर्व मुख्य मंडल प्रभारी लखनऊ, बरेली और मुरादाबाद रह चुके हैं। उनके साथ महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

आंबेडकर कॉलोनी में हुई बैठक
यात्रा के अगले पड़ाव में शाहजहाँपुर की आंबेडकर कॉलोनी, नवादा, इन्देपुर में श्रद्धेय मेवा राम गौतम के निवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भंते आनंद ने की।
बैठक में उपस्थित लोगों को महाड़ सत्याग्रह के इतिहास, बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के संघर्ष और वर्तमान समय में इस ऐतिहासिक आंदोलन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा के उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर मेवा राम गौतम ने यात्रा में शामिल लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की तथा यात्रा के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
यात्रा के लिए आर्थिक सहयोग
महाड़ सत्याग्रह संदेश यात्रा के लिए सहयोग देने वालों में—
राम प्रसाद मित्रा, मोहम्मदी खीरी — ₹1,000
एडवोकेट सुरेश पाल सिंह, शाहजहाँपुर — ₹500
मेवा राम गौतम, डॉ. आंबेडकर कॉलोनी, नवादा, इन्देपुर, शाहजहाँपुर — ₹2,000
शामिल रहे।
आयोजकों ने सभी सहयोगकर्ताओं, भंतेगण, उपासक-उपासिकाओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए की ओर से सभी के मंगलमय जीवन की कामना की गई तथा महाड़ सत्याग्रह के इतिहास और बाबा साहब डॉ. आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।