Bihar News: राजापाकर में कृषि विभाग द्वारा प्रखंड स्तरीय कृषि चौपाल का आयोजन

IMG-20260615-WA0014
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

कृषि विभाग के तत्वावधान में सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत एवं बेरई पंचायत में प्रखंड स्तरीय कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत के पंचायत भवन परिसर तथा बेरई पंचायत के दामोदरपुर गांव में अजय पासवान के घर के समीप आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

IMG 20260615 WA0014

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को धान की खेती में श्री विधि (एसआरआई) से बुवाई की नई तकनीकों के बारे में बताया तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने किसानों से जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। इसलिए किसानों को जैविक खेती एवं जैविक खादों के उपयोग पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जैविक खेती से कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है तथा भूमि की गुणवत्ता भी बनी रहती है।

चौपाल के दौरान किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा कृषि में नई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जिला से आए प्रखंड नोडल पदाधिकारी अरविंद रविदास, सहायक अनुसंधान पदाधिकारी (मिट्टी जांच प्रयोगशाला, हाजीपुर), प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, उद्यान पदाधिकारी मनोज कुमार पनासिया, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रौनी कुमार, कृषि सलाहकार रंजीत राम, संजय कुमार सहित अनेक किसान एवं कृषि कर्मी उपस्थित रहे।

Trending News