सोशल मीडिया से सावधान : शिवपाल सिंह पी.जी. कॉलेज में विधिक शिविर, न्याय की तीन देवियों ने छात्रों को किया जागरूक

विधिक जागरूकता शिविर - शिवपाल सिंह पीजी महाविद्यालय जसवंतनगर
Share News

ब्यूरो संवाददाता

जसवंतनगर, इटावा। नवरात्रि के पावन अवसर पर गुरुवार को शिवपाल सिंह पीजी कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला जज रजत सिंह जैन के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी, तहसीलदार श्रीमती नेहा सचान एवं क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह की उपस्थिति रही।

WhatsApp Image 2026 03 19 at 5.19.46 PM

कार्यक्रम में आरती द्विवेदी ने ‘न्याय की तीन देवियां’ का उल्लेख करते हुए छात्र-छात्राओं को सतर्क, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवावस्था भविष्य निर्माण की आधारशिला होती है, इसलिए इस समय सही निर्णय लेना और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही सोशल मीडिया के सीमित और सुरक्षित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने नशे से दूर रहने और शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही पॉश (POSH) कमेटी, ‘अधिकार मित्र’ और ‘न्याय आपके द्वार’ योजना के बारे में जानकारी देते हुए निःशुल्क कानूनी सहायता के विकल्पों से अवगत कराया।

WhatsApp Image 2026 03 19 at 5.19.47 PM

सीओ आयुषी सिंह ने साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूक करते हुए कहा कि ओटीपी साझा न करें, संदिग्ध लिंक से बचें और किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, अपने फोटो या व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें और ओटीपी किसी के साथ बिल्कुल भी साझा न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या का कारण बन सकती है।

सीओ ने यह भी बताया कि यदि किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड का सामना करना पड़े तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने युवाओं से जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

WhatsApp Image 2026 03 19 at 5.19.47 PM 1

तहसीलदार नेहा सचान ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि यह समय अपने सपनों को साकार करने और भविष्य तय करने का है, इसलिए पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।

कॉलेज के प्राचार्य संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के विधिक जागरूकता शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ती है और वे एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर होते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत एमडी आशुतोष टोनू यादव ने मोमेंटो व बुके देकर किया। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पीएलवी ऋषभ पाठक, रामसुन्दर दुबे, कुमारी नीरज, लालमन व राजेन्द्र सिंह ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। पीएलवी टीम द्वारा लोक अदालत एवं विधिक सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यशाला के आयोजन में कॉलेज का समस्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।

Trending News