संवाददाता आलापुर।
अंबेडकरनगर जिले के तहसील आलापुर क्षेत्र निकट थाना जहांगीरगंज क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहाँगीरगंज में जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर हो रही कथित वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और मामले की जांच कराई गई, जिसमें अनियमितताओं की पुष्टि हुई।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल ने अधीक्षक के नाम पर उगाही करने के आरोप में कम्प्यूटर ऑपरेटर अंजनी कुमार को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया है। वहीं, मामले में संलिप्त पाई गई एएनएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।बताया जा रहा है कि फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर कम्प्यूटर ऑपरेटर अंजनी कुमार और संबंधित एएनएम पर वसूली के गंभीर आरोप लगे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने जांच की जिम्मेदारी डिप्टी सीएमओ डॉ. उदयचंद को सौंपी थी।जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य कर्मचारियों में भी खौफ का माहौल देखा जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और आम जनता को राहत मिलेगी।