Bihar News: बगहा-1 एवं बैरिया में फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का विशेष प्रशिक्षण, टीकाकरण जागरूकता बढ़ाने पर जोर

IMG-20260615-WA0003
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

बेतिया/पश्चिमी चंपारण। जिले के बगहा-1 एवं बैरिया प्रखंडों में कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड (CoP-D) कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर पर आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सीएम जीविका दीदियों, एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य समुदाय में नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाना है।

 

IMG 20260615 WA0003

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को कार्य निष्पादन में सहयोग हेतु टूल किट एवं बैग प्रदान किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को टीकाकरण संबंधी संदेशों को समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए व्यवहार परिवर्तन संचार उपकरणों, संवाद सामग्री तथा वीडियो आधारित शिक्षण माध्यमों के उपयोग की जानकारी दी जा रही है।

विशेषज्ञों द्वारा टीकाकरण के महत्व, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की रणनीतियों, छूटे हुए बच्चों की पहचान तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उपायों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रभावी संवाद कौशल (इफेक्टिव कम्युनिकेशन स्किल्स) का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे समुदाय के लोगों, विशेषकर माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकें तथा टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों एवं संकोच को दूर कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रशिक्षित फ्रंटलाइन कार्यकर्ता अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में टीकाकरण के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने, समुदाय की भागीदारी बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत पात्र बच्चों तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह पहल नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सशक्त बनाने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक मनोज कुमार सिंह, शशिकांत पांडेय, श्रीमती निधि पांडेय एवं मुरारी कुमार सहित सीओपी-डी कार्यक्रम की टीम उपस्थित रही।

Trending News