Etawah News: Preparations for a sit-in in Lucknow on November 12, demanding restoration of old pension of teachers and service manual of teachers without finance
संवाददाता दिलीप कुमार
इटावा : विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक शिक्षिकाओं की वरिष्ठता सूची अति शीघ्र घोषित की जाए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद इटावा की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह चौहान के नेतृत्व में जिला विद्यालय निरीक्षक महोदय से शिक्षकों की समस्याओं के संबंध में मिला।
प्रांतीय संयोजक संरक्षण समिति श्रीनारायण दुबे ने कहा कि आयोग द्वारा विभिन्न विद्यालयों के अनेकों शिक्षक – शिक्षिकाओं का चयन करके जनपदों में भेजा जा रहा है जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर कार्यभार ग्रहण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कहा कि लंबे अरसे से विद्यालयों मे वरिष्ठता सूची नहीं बनाई जा रही है जबकि शासनादेश के अनुसार प्रतिवर्ष वरिष्ठता सूची घोषित करते हुए विभाग को प्रेषित की जानी चाहिए ताकि पदोन्नतियों के समय किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न ना होने पाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में लंबित मृतक आश्रित नियुक्ति प्रकरण, पदोन्नतियां एवं सभी लंबित एरियर्स के भुगतान शीघ्र कराए जाएं।
प्रांतीय मंत्री अरुण कुमार दुबे ने कहा कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में निरंतर वायरल और डेंगू के मरीज बढ़ते जा रहे हैं किसी भी विद्यालय में प्रशासन द्वारा एंटी लारवा छिड़काव नहीं कराया जा रहा है विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में इसे लेकर भय का वातावरण बना हुआ है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आपके स्तर से विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जानी अति आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह चौहान ने जिला संगठन की पूर्व की मांग का स्मरण कराकर स्थाई पहचान पत्र विभाग द्वारा जारी किए जाने की मांग को दोहराते हुए कहा कि पूरे सत्र में अनेकों बार शिक्षकों को अपने पहचान पत्र प्रतियोगी परीक्षाओं, बोर्ड परीक्षाओं, निर्वाचन या अन्य शासकीय कार्यों से संबंधित कार्यों हेतु प्रत्येक वार बनवाने पड़ते हैं जिससे विभाग और विद्यालय का समय व धन दोनों का अपव्यय होता है।जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षिकाओं व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए स्थाई पहचान पत्र क्यू आर कोड युक्त बनवाने की व्यवस्था शीघ्र लागू की जाए।
जिला मंत्री तरुण तिवारी ने पिछले 3 वर्षों के बोर्ड परीक्षा सम्बन्धी शिक्षकों के लंबित यात्रा भत्ता बिल अन्य अवशेष देयको एवं पंचायत चुनाव में ड्यूटी में लगे कोरोना महामारी में शहीद हुए शिक्षकों को मिलने वाली मुआवजा राशि के शीघ्र भुगतान किए जाने की मांग की। उपरोक्त बिंदुओं पर हुई चर्चा में उनके स्तर पर शीघ्र निस्तारण का संगठन को आश्वासन प्राप्त हुआ है।